बेंगलुरु। बात अगर भारतीय हॉकी की जाये तो उसका प्रदर्शन भले ही उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा हो लेकिन हाल के दिनों में भारतीय हॉकी शानदार प्रदर्शन कर रही है।
भारत की महिला हॉकी टीम ओलम्पिक को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में लगी हुई है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है महिला हॉकी टीम टोक्यो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन करेगी। खिलाड़ी भी यही मान रहे हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम की मिडफील्डर सुशीला चानू ने ओलम्पिक को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि टीम टोक्यो ओलिंपिक में जरुर पदक जीतेगी।
सुशीला ने कहा कि अगला वर्ष टीम के लिए अहम और चुनौतीपूर्ण है। टीम को एक के बाद एक मैच खेलना होगा। हमें आराम के लिए कम समय मिलेगा।
हमें हालांकि, इसकी आदत हो गयी है। हमारे पास इतिहास बनाने का मौका है। यह पहली बार है, जब महिला टीम लगातार ओलिंपिक में भाग लेगी, और इस बार हम पोडियम तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, यह वर्ष हर किसी के लिए अजीबोगरीब रहा। राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी तौर पर मैंने हमेशा भाग-दौड़ भरे माहौल के अनुरूप खुद को ढालने की कोशिश की है। जहां हम बिना ज्यादा कुछ सोचे लगातार मैच खेलते आए हैं।
उसने अब तक राष्ट्रीय टीम के लिए 180 मैच खेलें हैं। वह वर्तमान टीम में अनुभवी खिलाडिय़ों में से एक है। ऐसे में उसके ऊपर बेहतर प्रदर्शन की अधिक जिम्मेदारी है।
बता दें कि भारतीय महिला हॉकी टीम ओलम्पिक के लिए क्वालीफाइ कर चुकी है और उसका अगला लक्ष्य भारत के लिए पदक जीतना। इसके लिए खिलाड़ी लगातार मैदान में पसीना बहा रहे हैं।