नई दिल्ली। खेल मंत्रालय इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों को लेकर बड़ा कदम उठा सकता है। खेल मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की इनामी राशि में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके लिए खेल मंत्रालय योजना बना रहा है।
खेल मंत्रालय के अनुसार खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ी को 25 लाख तथा अर्जुन पुरस्कार विजेता को 15 लाख रुपये की धनराशि देने की योजना है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है और अब सरकार की मंजूरी का इंतेजार है।
बता दें कि मौजूदा समय में खेल रत्न सम्मान पाने वाले खिलाड़ी को 7.5 लाख और अर्जुन पुरस्कार विजेता को पांच लाख रुपये की नकद धनराशि दी जाती है। खेल पुरस्कारों की इनामी राशि की बढऩे की घोषणा खेल मंत्री किरण रिजिजू 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन कर सकते हैं।
खेल मंत्रालय के सूत्रों ने एक न्यूज एजेंसी से बताया है कि ‘राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की इनामी राशि में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होनी तय है. इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार किया गया है. खिलाडिय़ों ने शिकायत की थी कि खेल पुरस्कारों की इनामी राशि बहुत कम है जिसके बाद मंत्री ने स्वयं इसमें दिलचस्पी दिखाई। हालांकि अब गेेंद अब सरकार के पाले में है और देखना होगा कि सरकार ने इसपर क्या कदम उठाती है।